Ranchi: रांची नगर निगम ने मोराबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों का उल्लंघन करने वाले 80 वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. निगम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ अपना जवाब जमा करने का निर्देश दिया है. नगर निगम के अनुसार, 13 जुलाई को वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया गया था. जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं. कुछ दुकानदारों ने अपनी आवंटित दुकानें दूसरे लोगों को किराये पर दे दी थीं. कई लाभुकों ने दुकान मिलने के बावजूद अब तक कारोबार शुरू नहीं किया. वहीं कुछ दुकानदार निगम के तय नियमों का पालन नहीं कर रहे थे. जांच के दौरान कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत सही पाई गई. इसके अलावा कुछ लाभुकों को दुकान आवंटित होने के बावजूद सड़क किनारे अवैध रूप से कारोबार करते हुए भी पाया गया.
यह भी पढ़ें: बोकारो: बेरमो के नावाडीह में भाकपा की हुंकार, जमीन-अस्पताल-शिक्षा मुद्दे पर आंदोलन की बनी रणनीति

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
इन मामलों को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने सभी 80 वेंडरों से 48 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है. निगम ने साफ कहा है कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसमें दुकान का आवंटन रद्द करना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है.
