Jamtara: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में प्रसूता की मौत के मामले को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसी परिवार के दुख को राजनीतिक मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और भाजपा को “लाश पर राजनीति” बंद करनी चाहिए. मंत्री ने कहा कि मृत महिला पहले से गंभीर रूप से बीमार थीं और चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. यदि चिकित्सकीय लापरवाही या प्रशासनिक चूक सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कानून हाथ में लेने वालों के लिए की जाएगी कानूनी कार्रवाई
अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार पर कड़ा रुख अपनाते हुए डॉ. अंसारी ने कहा, कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और जामताड़ा की जनता विकास चाहती है, राजनीति नहीं. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: मनरेगा योजनाओं के सोशल ऑडिट में सामने आईं अनियमितताएं, 21 पंचायतों में जनसुनवाई संपन्न
