Bokaro: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 (JFWCE-2024) का आयोजन 19 जुलाई को जिले के 66 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा. परीक्षा में लगभग 30,600 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
परीक्षा तैयारियों की उपायुक्त और एसपी ने की समीक्षा
परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक दंडाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
‘रिलैक्स और ओवरकॉन्फिडेंट न रहें, SOP का करें पालन’
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी रिलैक्स या ओवरकॉन्फिडेंट न रहे. आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने अधिकारियों से परीक्षार्थियों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने को भी कहा.
बायोमेट्रिक जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए. केंद्राधीक्षक अपने-अपने केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित जमा कराएं.
होटल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर रहेगी नजर
परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी अभ्यर्थियों के जिले में आने की संभावना को देखते हुए होटल, लॉज और धर्मशालाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और धारा-163 लागू
जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत आवश्यक प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू किए जाएंगे.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. किसी भी प्रकार के कदाचार या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर आयोग के नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
समय पर पहुंचेंगे प्रश्नपत्र, कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
अपर समाहर्ता सुनील चंद्र ने निर्देश दिया कि सुदूरवर्ती परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र समय पर पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. वहीं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी जिला कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देंगे.
