Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए गए. इन शिविरों में कुल 181 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया. शिविरों में बुखार, सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, गैस्ट्रिक समस्या, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य एवं दीर्घकालिक बीमारियों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया. डॉ. सादिका, डॉ. अनीरूध, डॉ. सूर्य, डॉ. प्रदीप, डॉ. राधिका, डॉ. सुष्मिता और डॉ. कविता ने मौके पर अपनी सेवाएं दीं. स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन तांतनगर प्रखंड के गितीलादेर, बंदगांव के टेबो, खूंटपानी के बासाहातू व गाड़ाहातू, मंझारी के थई, मनोहरपुर के खुडपोश तथा सोनुवा के पोड़ाहाट गांव में किया गया. इस दौरान ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए. साथ ही घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने और तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई. शिविर के साथ योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को नियमित योग, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया. आयुष विभाग ने कहा कि भविष्य में भी दूर-दराज के क्षेत्रों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे.
यह भी पढ़ें: एक्शन में CM हेमंत सोरेन, कहा- अब बहानों का दौर खत्म, अंतिम किसान तक पहुंचे सरकारी लाभ, लापरवाही की तो खैर नहीं
