Ranchi: राजधानी के कडरू रोड निवासी 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण का आरोप लगाते हुए छात्रा के पिता अभिमन्यु राम चौरसिया ने अरगोड़ा थाना में केस दर्ज कराया है. मामले में युवक शिव कुमार पर इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर अपहरण की बात कही गई है. दर्ज प्राथमिकी में युवक के पिता सुरेश राम को भी आरोपी बनाया गया है.
क्या है मामला?
प्राथमिकी में छात्रा के पिता ने बताया है, कि छात्रा अशोक नगर रोड नंबर-2 स्थित कौटिल्य कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करती थी. 10 जुलाई की शाम पिता उसे कोचिंग छोड़कर गए थे. शाम करीब 6.10 बजे लेने पहुंचे तो पता चला कि वह पहले ही निकल चुकी है. कुछ देर बाद एक मोबाइल नंबर से छात्रा का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वह अपने दोस्त शिव कुमार के साथ घूमने गई है और थोड़ी देर में घर लौट आएगी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि शिव कुमार नाम का कोई छात्र उस कोचिंग में नहीं पढ़ता था. बाद में जानकारी मिली कि दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी.
12 जुलाई को उसी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय सुरेश राम, शिव कुमार के पिता के रूप में दिया. छात्रा के पिता ने आशंका जताई है, कि उसकी नाबालिग पुत्री का जबरन शादी कराने अथवा किसी अन्य अवैध उद्देश्य से अपहरण किया गया है. आवेदन के आधार पर अरगोड़ा पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: सुदूरवर्ती गांवों में आयुष विभाग ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 181 ग्रामीणों की हुई जांच
