Seraikela-Kharsawan: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान SIR-2026 (Special Intensive Revision) के तहत शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इसी क्रम में शहरी क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
18 और 20 जुलाई को लगाए जा रहे विशेष शिविर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. शहरी मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 और 20 जुलाई को जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण और संग्रहण, प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन समेत अन्य संबंधित कार्य किए जाएंगे.
प्रपत्र जमा नहीं करने वाले मतदाता बीएलओ से करें संपर्क
उपायुक्त ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र नहीं मिला है या जिन्होंने भरा हुआ प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे अपने संबंधित बीएलओ या बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें और जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय सीमा में जमा करें.
22 जुलाई को होगी बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक
डीसी ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में प्राप्त गणना प्रपत्रों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ASDD सूची (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) तैयार की जाएगी.इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट प्रविष्टियों का सत्यापन कर सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाएगा.
जनसहभागिता से बनेगी बेहतर मतदाता सूची
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन निर्वाचक नामावली का निर्माण सभी की सहभागिता से ही संभव है. उन्होंने राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बीएलओ और आम नागरिकों से इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही तरीके से भरने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करने का आग्रह किया, ताकि सत्यापन और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके.
ALSO READ: चाईबासा: तीन दिवसीय हृदय जांच शिविर में 701 बच्चों की स्क्रीनिंग, 131 में जन्मजात हृदय रोग की पहचान
