Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने झारखंड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं के प्रति लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा व्यक्त की गई चिंता और उनके समर्थन का स्वागत किया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि झारखंड में अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का प्रयोग उचित नहीं है. छात्रों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत एवं संवाद के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए.
लाठी चार्ज समस्याओं का समाधान नहीं
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं. ऐसे समय में उनके साथ संवेदनशील और लोकतांत्रिक व्यवहार होना चाहिए. लाठीचार्ज, आंसू गैस या किसी भी प्रकार का अनावश्यक बल प्रयोग छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं है. कांग्रेस पार्टी छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार और उनकी जायज मांगों के साथ खड़ी है. हालांकि सरकार ने चार सदस्य कमेटी बनाई है जो लगातार छात्रों के साथ संवाद कर रहे हैं लेकिन संवाद के साथ समाधान भी होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस 2026: झारखंड में मंत्रियों का जिलावार झंडोत्तोलन कार्यक्रम तय, जानें किस जिले में कौन फहराएगा तिरंगा
राहुल गांधी का संदेश लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह संदेश लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप है कि युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सुना जाना चाहिए. झारखंड के छात्र हमारे राज्य की ताकत और भविष्य हैं. उनकी चिंताओं को गंभीरता से लेना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने छात्रों से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित तरीके से अपना आंदोलन जारी रखें और किसी भी प्रकार के उकसावे या अराजकता से बचें. साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हिंसा या अराजकता का माध्यम बनाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाना चाहिए.
