Click Here
Click Here
Click Here

मोरहाबादी में स्टेज के बाद अब हटेंगे 11 एलईडी स्क्रीन, 23.10 लाख से शुरू होगी नीलामी

-22 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया टाइम्स स्क्वायर प्रोजेक्ट समाप्त रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान को न्यूयॉर्क के टाइम्स...

-22 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया टाइम्स स्क्वायर प्रोजेक्ट समाप्त

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की तर्ज पर विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना अब लगभग खत्म होती नजर आ रही है. वर्ष 2017-18 में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए टाइम्स स्क्वायर प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए 11 एलईडी स्क्रीन को अब हटाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए नगर विकास विभाग की एजेंसी झारखंड शहरी अवसंरचना विकास कंपनी लिमिटेड (जुडको ) ने ऑक्शन नोटिस जारी किया है. जानकारी के अनुसार सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मैदान में लगे सभी एलईडी स्क्रीन को हटाया जाएगा. जुडको की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक एलईडी स्क्रीन को उनके सभी एक्सेसरीज, फीडर पिलर, वायर, केबल और एमएस फ्रेम स्ट्रक्चर सहित हटाने का कार्य नीलामी के जरिए कराया जाएगा. इसके साथ ही फाउंडेशन को हटाकर स्थल को साफ कर उपयोग के योग्य बनाना भी ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी. जुडको द्वारा जारी निविदा में एलईडी स्क्रीन, स्टील फ्रेम स्ट्रक्चर, पिलर, वायरिंग और अन्य उपकरणों को हटाने और सामग्री के निपटान की शर्त रखी गई है. सफल बोलीदाता को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बिजली कनेक्शन डिस्कनेक्ट करना, ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सामग्री का परिवहन करना और काम पूरा होने के बाद मैदान को साफ करना होगा. नीलामी के लिए न्यूनतम आधार मूल्य 23 लाख 10 हजार रुपये तय किया गया है. जो बोलीदाता सबसे अधिक राशि की बोली लगाएगा, उसे यह काम दिया जाएगा. बोलीदाता को कुल बोली राशि का 5 प्रतिशत सुरक्षा जमा (सिक्योरिटी डिपॉजिट) भी जमा करना होगा, जो कार्य पूरा होने के बाद वापस किया जाएगा. नोटिस के अनुसार इस नीलामी के लिए 13 मार्च से बोली प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 20 मार्च तक बोली जमा की जा सकेगी.

22 करोड़ खर्च के बाद भी नहीं बन पाया टाइम्स स्क्वायर:

मोरहाबादी मैदान को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की तर्ज पर विकसित करने के लिए 22 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. इस परियोजना के तहत मैदान में एक भव्य मंच और उसके ऊपर स्टील का टेनसाइल स्ट्रक्चर बनाया गया था, जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च हुए थे. इसके अलावा मैदान में 11 एलईडी स्क्रीन, हाईमास्ट लाइट, डेकोरेटिव लाइट, कंट्रोल रूम, पैनल रूम, ट्रांसफार्मर और दो जनरेटर भी लगाए गए थे. हालांकि सात वर्षों में इन एलईडी स्क्रीन का उपयोग साल में केवल दो से तीन बार ही हो पाया. आम लोगों को इसका कोई खास लाभ नहीं मिला. मैदान में बने मंच का ही कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा, लेकिन मई 2025 में विधि-व्यवस्था का हवाला देकर उस मंच को भी तोड़ दिया गया था. अब एलईडी स्क्रीन हटने के बाद मोरहाबादी के टाइम्स स्क्वायर प्रोजेक्ट का अध्याय लगभग समाप्त हो जाएगा.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *