JPSC परीक्षा कथित विवाद: 14वीं लोक सेवा आयोग परीक्षा में धांधली के खिलाफ BJP का हल्ला बोल, नेता और कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा हाल ही में आयोजित 14वीं परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और व्यापक भ्रष्टाचार के आरोपों...

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा हाल ही में आयोजित 14वीं परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और व्यापक भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजधानी रांची का राजनीतिक पारा चढ़ गया है. भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के पूर्व घोषित जेपीएससी कार्यालय घेराव कार्यक्रम के तहत आज राज्यभर से हजारों युवाओं और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का सैलाब रांची की सड़कों पर उतर आया है.

जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटने लगे युवा

सुबह से ही राज्य के अलग-अलग जिलों से आए युवाओं और भाजयुमो कार्यकर्ताओं का जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटना शुरू हो चुका है. हाथों में तख्तियां और बैनर लिए युवा जेपीएससी प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण राज्य के मेधावी छात्रों का भविष्य अंधकार में लटक गया है और पारदर्शी जांच व सुधार तक यह आंदोलन जारी रहेगा.

छावनी में तब्दील हुआ JPSC कार्यालय

भाजयुमो के घेराव कार्यक्रम की उग्रता की संभावना को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. पूरे रांची शहर, खासकर जेपीएससी मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जेपीएससी कार्यालय के चारों ओर सुरक्षा का अभेद्य घेरा (मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग) तैयार किया गया है. साथ ही किसी भी अनहोनी या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए वॉटर कैनन, दंगा-रोधी वाहन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. कार्यालय की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक को डाइवर्ट किया गया है ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *