Hazaribagh : जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के नेतृत्व में लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार, हजारीबाग में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान दंडाधिकारी सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कार्रवाई
छापेमारी का मुख्य उद्देश्य कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना, नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की जेल में आवाजाही रोकना और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना था. अभियान के दौरान जेल परिसर की सघन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कारागार में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ आवश्यक विचार-विमर्श किया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल को किसी भी परिस्थिति में अपराध संचालन का केंद्र नहीं बनने दिया जाए. साथ ही सुधार की राह पर चल रहे बंदियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया.
मानवाधिकारों का रखा गया पूरा ध्यान
औचक निरीक्षण के दौरान तलाशी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मानवाधिकारों के अनुरूप संचालित किया गया. पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार किया जाए, उनके मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए और उन्हें सभी आवश्यक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने और भविष्य में भी नियमित निगरानी और औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
