Hazaribagh : जिले में अवैध कोयला परिवहन, ओवरलोड वाहनों और बिना निबंधन वाले वाहनों के खिलाफ अब व्यापक अभियान चलाया जाएगा. DC हेमंत सती ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और राजस्व संग्रह बढ़ाने के साथ सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.
अवैध कोयला परिवहन और ओवरलोडिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में DC ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध कोयला परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी और लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. वाहन निबंधन की समीक्षा के दौरान DC ने जिले में पंजीकृत वाहनों की अद्यतन जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त तक बिना निबंधन वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जाए. साथ ही सभी वाहन स्वामियों से समय पर वाहन निबंधन कराने की अपील की गई.
फिटनेस नियमों का पालन अनिवार्य
DC ने कहा कि सभी वाहन स्वामी समय पर अपने वाहनों की फिटनेस कराएं और नियमों के अनुरूप ही वाहन चलाएं. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए फिटनेस संबंधी नियमों का सख्ती से पालन आवश्यक है. प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए DC ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पेट्रोल पंप पर प्रदूषण जांच की सुविधा उपलब्ध होना अनिवार्य है. जिन पंपों पर यह सुविधा नहीं है, वे 15 अगस्त से पहले आवश्यक उपकरण स्थापित करें. साथ ही निर्देश दिया गया कि वैध पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं रखने वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाए.
टैक्स डिफॉल्टरों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बैठक में टैक्स बकायेदार वाहनों की समीक्षा करते हुए DC ने सभी डिफॉल्टर वाहन स्वामियों को शीघ्र नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय तक कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नीलाम पत्र वाद दायर कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
नियम तोड़ने वाले वाहनों से लगातार वसूला जाएगा जुर्माना
DC ने जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक को नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाने, बिना फिटनेस वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने और जुर्माना वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए. बैठक के दौरान DC ने कहा कि बरही क्षेत्र में NDPS से जुड़े मामलों तथा अवैध पशु परिवहन की सूचनाएं मिल रही हैं. उन्होंने परिवहन विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा प्रत्येक कार्रवाई की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी के निर्देश
सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए DC ने रोड सेफ्टी टीम को जिले के दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. बैठक के अंत में अधिकारियों को परिवहन नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने और सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा गया. वहीं आम नागरिकों से भी वाहन निबंधन, फिटनेस, कर भुगतान और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई.
