Guwahati : पीएम मोदी के असम दौरे के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी असम पहुंचे. दो दिवसीय असम दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने गुवाहाटी में नवनिर्मित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई नई परियोजनाओं की शुरुआत भी की. इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए अमित शाह ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संसद देश के लोकतंत्र की सबसे बड़ी संस्था है और वहां इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है. अमित शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी-कभी संसद के दरवाजे पर बैठकर चाय और पकौड़े खाते हैं और विरोध प्रदर्शन करते हैं. उनके अनुसार संसद परिसर ऐसा स्थान नहीं है जहां इस तरह का प्रदर्शन किया जाए. अमित शाह ने कहा कि इससे देश की छवि दुनिया में खराब होती है.

राहुल गांधी के व्यवहार को जनता स्वीकर नहीं करेगी : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष को सरकार का विरोध करने और प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन संसद के अंदर चर्चा करने के बजाय इस तरह का तरीका अपनाना सही नहीं है. संसद में बहस से बचना और बाहर इस तरह की गतिविधियां करना लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ है. गृह मंत्री ने कहा कि जब दुनिया भर के लोग भारत की ताकत और युवाओं की क्षमता देखने आते हैं, तब इस तरह के कदम देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं. उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी.
“कांग्रेस ने अपने नेताओं का आर्थिक सेहत सुधारा”
अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने असम की पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के बजाय अपने नेताओं के परिवारों की आर्थिक सेहत सुधारने पर ज्यादा ध्यान दिया. उनके अनुसार उस समय असम का स्वास्थ्य तंत्र काफी खराब हालत में था और लोगों को बेहतर इलाज के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता था.
अमित शाह ने कैंसर केंद्रों का किया उद्घाटन
गृह मंत्री ने गोलाघाट और तिनसुकिया में बने कैंसर केंद्रों का भी उद्घाटन किया. इसके अलावा उन्होंने वर्चुअल माध्यम से दिफू, जोरहाट और बरपेटा मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में बनने वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की आधारशिला रखी. इतना ही नहीं अमित शाह ने गुवाहाटी के सिक्समाइल इलाके में बनने वाले स्वास्थ्य भवन और अभयापुरी जिला अस्पताल की भी आधारशिला रखी.
अमित शाह ने सीएम हिमंता की थपथपाई पीठ
केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने सीएम सरमा की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में असम के स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से सुधार हुआ है. शाह के मुताबिक अब असम की स्वास्थ्य व्यवस्था देश के विकसित राज्यों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के स्तर तक पहुंचने लगी है. उन्होंने कहा कि सरकार अस्पतालों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि लोगों को अपने ही राज्य में बेहतर इलाज मिल सके. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर-पूर्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए काम कर रही हैं.
कैंसर इलाज के लिए असम में बन रहा बड़ा नेटवर्क : हिमंता
इस दौरान असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि असम में कैंसर इलाज के लिए बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कोविड महामारी से पहले रतन टाटा असम आए थे और उस समय कार्यक्रम में अमित शाह भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री के अनुसार उस कार्यक्रम में अमित शाह ने रतन टाटा से कहा था कि उत्तर-पूर्व के हर राज्य में कैंसर अस्पताल बनाए जाने चाहिए. इसके बाद असम सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया.

