गुमला: जिले के करौंदी मेला टॉड मैदान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छोटानागपुरिया तेली वार्षिक महाजतरा का आयोजन किया गया. इस महाजतरा में समाज के कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा दास साहू, तेली समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू तथा स्वर्गीय तिलेश्वर साहू की पत्नी साबी देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं.

इस महाजतरा के माध्यम से तेली समाज को एक दिशा देने के साथ-साथ समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के मुद्दे पर भी गंभीरता से चर्चा की जाती है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया.
समाज के हक-अधिकार के लिए संघर्ष जारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेली समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू ने कहा कि समाज के हक और अधिकार के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन सब प्रयासों के बीच समाज के सभी लोगों का एकजुट होना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि उनके पिता ने भी समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ते हुए अपनी जान तक गंवा दी थी और उसी सोच के साथ वे भी समाज के लिए काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को किसी भी प्रकार की मदद की जरूरत पड़े तो वे 24 घंटे तैयार हैं. साथ ही उन्होंने घोषणा की कि समाज का कोई भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा धन के अभाव में पीछे न रह जाए, इसके लिए उनका घर हमेशा खुला रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि समाज के लोग लंबे समय से आरक्षण की मांग कर रहे हैं और इस मुद्दे को लेकर जल्द ही जोरदार आंदोलन किया जाएगा.
Also Read: मेदिनीनगर में सम्मान समारोह: श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल कमेटी के पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित
21 गरीब बेटियों की सामूहिक शादी
कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से 21 गरीब बेटियों की सामूहिक शादी भी कराई गई. इस पहल की सभी अतिथियों ने सराहना की. पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि यह तेली समाज के लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी इसी समुदाय से आते हैं. उन्होंने कहा कि समाज की ओर से गरीब बेटियों की सामूहिक शादी कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है.
उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए प्रत्येक जोड़ी को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा भी की.
शिक्षा पर जोर देने की अपील
इस अवसर पर स्वर्गीय तिलेश्वर साहू की पत्नी साबी देवी ने कहा कि उनका पूरा परिवार तेली समाज के उत्थान के लिए हमेशा कार्य करता रहा है. उन्होंने कहा कि उनके पति स्वर्गीय तिलेश्वर साहू ने समाज की लड़ाई में ही अपनी जान दे दी. उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि शिक्षा के माध्यम से ही हर लड़ाई जीती जा सकती है.
पूर्वजों के बलिदान को याद रखने की जरूरत
कार्यक्रम में तेली समाज के वरिष्ठ अगुआ हीरा साहू ने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के बलिदान को याद रखते हुए समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी तेली समाज से आते हैं और उनके कार्यकाल में राज्य में विकास की जो रेखा खींची गई, उसे आज तक कोई पार नहीं कर पाया है.
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में चल रही जनगणना में समाज के सभी लोगों को जागरूक होकर शामिल होना चाहिए, ताकि उनकी वास्तविक जनसंख्या सामने आ सके और भविष्य में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिल सके.
सदन से सड़क तक उठेगी समाज की आवाज
कार्यक्रम में शामिल जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि तेली समाज का यह जतरा सामाजिक एकजुटता का बड़ा उदाहरण है. उन्होंने समाज की ओर से गरीब बेटियों की सामूहिक शादी कराए जाने की पहल की सराहना की.
उन्होंने कहा कि समाज के हक और अधिकार की लड़ाई को वे सड़क से लेकर सदन तक लगातार उठाती रही हैं और आगे भी उठाती रहेंगी. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आम लोगों के विकास के बजाय केवल अपने विकास की चिंता कर रही है, जिसके कारण राज्य में कई क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
