Giridih: महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स ने पारसाटांड़ पंचायत भवन के समीप मशरूम उत्पादन के लिए कोल्ड स्टोर की स्थापना की. परियोजना का उद्घाटन रांची से आई डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण ने किया. इस मौके पर इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, रांची की अध्यक्ष श्रीमती नीता शेखर, सचिव श्रीमती शालिनी सिन्हा, चार्टर प्रेसिडेंट श्रीमती दीपा चौहान समेत कई अतिथि मौजूद रहे.
ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन से जोड़ा गया
परियोजना के पहले चरण में पांच ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन से जोड़ा गया है. उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें बेहतर बाजार और नियमित आय मिलने में मदद मिलेगी. क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
कार्यक्रम कई गणमान्य लोगों रहे उपस्थिति
परियोजना को सफल बनाने में पीडीसी पूनम सहाय का विशेष सहयोग रहा. क्लब की सचिव नमिता वर्मा ने कहा कि इनर व्हील क्लब आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनहितकारी प्रकल्प चलाता रहेगा. कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं, ग्रामीण महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
