Jamtara : 20वीं सीनियर बालक राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिले की 15 सदस्यीय सीनियर बालक टीम शुक्रवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन से RPY ग्लोबल स्कूल चाराडीह कोडरमा के लिए रवाना हुई. जामताड़ा जिला खो-खो टीम आज सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से प्रतियोगिता स्थल के लिए निकली. खिलाड़ियों की विदाई के दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल रहा. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 जुलाई 2026 तक RPY ग्लोबल स्कूल चाराडीह कोडरमा में होगा.
खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद : सचिव नंदन सिंह
जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन सिंह ने बताया कि जिले की टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही है और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य खो-खो संघ द्वारा कोडरमा जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है. आयोजन को भारतीय खो-खो संघ के निर्देशानुसार पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार और जिला प्रशासन रामगढ़ का सहयोग प्राप्त है. जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, ने कहा खो-खो एक पारंपरिक भारतीय मैदानी खेल है.
खेल का उदाहरण
इस खेल का उदाहरण यह है कि इसमें दो टीमें होती हैं, जिनमें से एक टीम के खिलाड़ी मैदान की मध्य रेखा पर विपरीत दिशाओं में मुंह करके बैठते हैं और दूसरी टीम के खिलाड़ी (धावक) मैदान में बचकर दौड़ते हैं. इस खेल में मैदान के दोनो ओर दो खम्भो के अतिरिक्त किसी अन्य साधन की जरूरत नहीं पड़ती. यह एक अनूठा स्वदेशी खेल है, जो युवाओं में ओज और स्वस्थ संघर्षशील जोश भरने वाला है. यह खेल पीछा करने वाले और प्रतिरक्षक, दोनों में अत्यधिक तंदुरुस्ती, कौशल, गति और ऊर्जा की मांग करता है.
जिला में खो-खो खिलाड़ियों में प्रतिभाओं की कमी नहीं
जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ दुर्गा दास भंडारी, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता, गौरव जोशी, अनीश रंजन आदि लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जामताड़ा जिला में खो-खो खिलाड़ियों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलता रहा तो वे भविष्य में राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रौशन करेंगे. मौके पर खिलाड़ियों की विदाई के अवसर पर जिला खो-खो संघ के वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, अनीश रंजन, सुभाष सोरेन, प्रीतम मुर्मू, कृष्णा राम मुर्मू, लक्ष्मण, जीत, सहित संघ के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे.
