Click Here
Click Here
Click Here

पाकुड़: उपायुक्त ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ की समीक्षा बैठक

पाकुड़: जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार की...

Pakud DC
गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक करते उपायुक्त

पाकुड़: जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, कि वर्तमान परिस्थितियों में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि किसी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी करते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अधिक पैसा वसूली करने पर की जाएगी सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसियों को “पहले बुकिंग, पहले आपूर्ति” के सिद्धांत का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित दर से अधिक राशि की वसूली किसी भी स्थिति में नहीं की जानी चाहिए. यदि किसी एजेंसी द्वारा निर्धारित दर से अधिक पैसा वसूलते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके अतिरिक्त सभी एजेंसी संचालकों को तिथिवार बुकिंग, गैस आपूर्ति एवं स्टॉक से संबंधित प्रतिदिन की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही पुनः गैस बुकिंग करने की व्यवस्था लागू है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक गैस की समान रूप से उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके.

गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अस्पतालों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, ओल्ड ऐज होम, अनाथालय, कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास, मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े विद्यालयों तथा जेल सहित अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए.  संबंधित गैस एजेंसियों को इन संस्थानों में प्राथमिकता के आधार पर नियमित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.  उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भारत गैस का टोल फ्री नंबर 1800-22-4344 तथा इंडियन ऑयल (इंडेन) गैस का टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 जारी किया गया है. इन नंबरों पर कॉल कर उपभोक्ता गैस बुकिंग अथवा संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. यदि किसी उपभोक्ता को लगातार बुकिंग में समस्या आती है तो वे संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं.

कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर की जाएगी कठोर कार्रवाई

उपायुक्त ने कहा कि गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी गैस कंपनियों एवं एजेंसियों को समुचित योजना एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता तक घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने कहा कि देश में आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू है, इसलिए किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.  साथ ही उपायुक्त मनीष कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील किया, कि वे अनावश्यक या बार-बार गैस बुकिंग करने से बचें, क्योंकि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.

यह भी पढ़ें: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, कई जिलों में फैला था नेटवर्क

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *