पलामू: ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मी पर कोयला माफिया का जानलेवा हमला.

पलामू: जिले में डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नाइट पेट्रोलिंग के दौरान ड्यूटी कर रहे...

पलामू: जिले में डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नाइट पेट्रोलिंग के दौरान ड्यूटी कर रहे एक रेलकर्मी पर कोयला माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया. घटना तब और चर्चा में आ गई जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी खून से लथपथ घायल की मदद करने के बजाय उससे पहचान पत्र की मांग करने लगा.

कोयला चोरी का विरोध करने पर पथराव:

घटना शनिवार की देर रात की है. गैंग नंबर-3 में कार्यरत रेलकर्मी आदित्य किलोमीटर संख्या 285/33 के पास नाइट पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ लोग ट्रेन से कोयला उतारकर ट्रैक के किनारे बोरियों में भर रहे हैं। जब आदित्य ने रेलवे ट्रैक पर कोयला रखने और इस अवैध कार्य का विरोध किया, तो वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते 30 से 40 लोगों की भीड़ जमा हो गई और आदित्य पर पत्थरों से हमला कर दिया. इस हमले में आदित्य के सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी स्टेशन मास्टर शशांक शेखर और स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी का रवैया बेहद चौंकाने वाला था. आदित्य के सिर से भारी मात्रा में खून बह रहा था और उन्हें तत्काल चिकित्सा की जरूरत थी. पुलिसकर्मी प्राथमिक उपचार का प्रबंध करने के बजाय घायल रेलकर्मी से उसका परिचय पत्र मांग रहा था. स्टेशन अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया और घायल आदित्य को तुरंत मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *