Koderma: चंदवारा थाना क्षेत्र के तिलैया डैम स्थित जवाहर घाट फिशरी के समीप खड़ी एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित प्रमोद कुमार स्वर्णकार (37 वर्ष), पिता शंकर स्वर्णकार, ने चंदवारा थाना में लिखित आवेदन देकर वाहन की खोजबीन की गुहार लगाई है.
आराम के दौरान हुई चोरी
दिए गए आवेदन में उन्होंने बताया कि गुरुवार को लगभग एक बजे दिन में वह अकेले अपनी कार से घूमने के लिए तिलैया डैम के जवाहर घाट फिशरी की ओर गए थे. वहां उन्होंने अपनी कार खड़ी की और पास में आराम करने लगे. इसी दौरान उन्हें नींद आ गई.
नींद खुली तो कार गायब मिली
कुछ देर बाद जब उनकी नींद खुली, तो देखा कि उनकी कार वहां से गायब थी. पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला.
पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद उन्होंने थाना में लिखित आवेदन देकर वाहन की खोजबीन करने तथा अज्ञात चोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
