Jamtara: निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन और अवैध कारोबार के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से नशा मुक्ति जागरूकता रथ रवाना किया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया.
जिले के सभी प्रखंडों में पहुंचेगा जागरूकता रथ
समाज कल्याण विभाग के सौजन्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा. इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा.
अधिकारियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
रथ रवाना करने के बाद उपायुक्त आलोक कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट में भाग लिया. इस माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया गया.
नशे के खिलाफ समाज की भागीदारी जरूरी
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई प्रशासन के साथ-साथ पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया.
प्रखंडों में होगा प्रचार-प्रसार
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ ने बताया कि जागरूकता रथ सभी प्रखंडों में जाकर लोगों को नशा मुक्ति का संदेश देगा. इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई नशा मुक्ति संबंधी पुस्तिकाओं का भी वितरण किया जाएगा.
ALSO READ: जामताड़ा: BJP किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष खिरोद सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

