Ranchi: जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित सिमोन नगर खोरहा टोली में तांत्रिक रमेश ठाकुर की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों अमित चौधरी, निरंजन स्वांसी उर्फ नीरज और सचिन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार, खून लगा पिलाश, लूटे गए आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, खून से सने कपड़े और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
तांत्रिक के झांसे में आए, ‘परी’ और ‘धन वर्षा’ का था वादा
पुलिस जांच में सामने आया कि रमेश ठाकुर खुद को तांत्रिक बताते थे. आरोप है कि उन्होंने तीनों युवकों को यह भरोसा दिलाया था, कि विशेष तांत्रिक प्रक्रिया के जरिए उनकी ‘परी से मुलाकात’ होगी और उन पर ‘धन वर्षा’ होगी. इसी लालच में तीनों आरोपी लंबे समय तक उनके संपर्क में रहे और कथित तांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते रहे.
साजिश बनाकर पहुंचे, पहले फायर किया फिर पिलाश से हमला
पुलिस के अनुसार, जब लंबे समय तक न तो ‘परी’ आई और न ही धन मिलने का दावा सच हुआ, तो तीनों आरोपियों ने रमेश ठाकुर की हत्या की योजना बनाई. 22 जुलाई की रात वे बाइक से पिस्टल लेकर उनके घर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि वहां पहले पिस्टल से फायर करने की कोशिश की गई, लेकिन गोली नहीं लगी. इसके बाद पास में रखे पिलाश से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर रमेश ठाकुर की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी उनके पहने हुए आभूषण लेकर फरार हो गए.
बेटे की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
घटना के बाद मृतक के बेटे आकाश ठाकुर की शिकायत पर सदर थाना में हत्या और लूट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, खून लगा पिलाश, मृतक के लूटे गए आभूषण, खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त बाइक JH01CD-9858 और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: मरकच्चो में दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
