Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) अंतर्गत कार्यरत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के कैडरों के साथ शुक्रवार को बैठक की. उनकी मानदेय भुगतान से संबंधित समस्याओं को सुना. उन्होंने कहा कि कैडरों के मानदेय भुगतान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाए.
मानदेय भुगतान में तेजी लाने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), JSLPS से मानदेय भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. DPM अनिल डुंगडुंग ने बताया कि मानदेय भुगतान की प्रक्रिया SNA-SPARSH प्रणाली के माध्यम से प्रारंभ की गई है. जिला स्तर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. 17 जुलाई को राज्य स्तर से भी अग्रसारित हो गया है एवं वर्तमान में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के स्तर पर भुगतान संबंधी कार्रवाई प्रगति पर है. इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राज्य स्तर से लगातार समन्वय स्थापित करते हुए अगले 48 घंटे के भीतर ग्रामीण विकास मंत्रालय से आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके.
मानदेय भुगतान में हो रहे विलंब की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उपायुक्त ने JSLPS के अकाउंटेंट को विस्तृत Standard Operating Procedure (SOP) तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर पदाधिकारियों एवं कर्मियों के दायित्व और समय-सीमा स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए, ताकि भविष्य में बिना किसी कारण के भुगतान में देरी नहीं हो.
समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर दिया जोर
उपायुक्त ने कैडरों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने पर बल दिया. उन्होंने PFMS मैपिंग की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित अकाउंटेंट से अद्यतन जानकारी प्राप्त की. साथ ही, भुगतान प्रक्रिया की नियमित निगरानी एवं समन्वय के लिए एक WhatsApp ग्रुप बनाकर निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उपायुक्त ने कैडरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी का मानदेय समय पर मिले, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार के स्तर पर तकनीकी कारणों से भुगतान में विलंब हुआ है, जिसे शीघ्र दूर कर लिया जाएगा. अगले एक माह के भीतर पूरी प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित कर दिया जाएगा, जिससे भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके.
उपायुक्त ने कहा कि JSLPS कैडर ग्रामीण आजीविका मिशन की रीढ़ हैं. ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी कैडरों से पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया. बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) JSLPS अनिल डुंगडुंग, APRO अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं JSLPS के कैडर उपस्थित थे.
ALSO READ: रांची में शनिवार को कई इलाकों में बिजली रहेगी गुल, केबल बदलने का होगा काम
