Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर) और मानसून ट्रफ के असर से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा जिले में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्यभर में बादलों का डेरा रहेगा और लगातार बारिश होने की प्रबल संभावना है.
मौसम की वर्तमान स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र आज भी उसी क्षेत्र में बना हुआ है. इसके साथ ही चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) समुद्र तल से 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उसी क्षेत्र में बने रहने और अधिक प्रभावी होने की संभावना है.इसके अलावा, मानसून की ट्रफ लाइन जैसलमेर, मध्य प्रदेश के शोपुर और दतिया, सीधी, डाल्टगंज से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. इन मौसमी सिस्टम्स के प्रभाव से झारखंड में नमी भरपूर मात्रा में पहुंच रही है, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है.
पिछले 24 घंटों का तापमान और बारिश का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मौसम में बदलाव देखा गया. इस दौरान सिमडेगा में 120.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. पाकुड़ में सबसे अधिक 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लातेहार में सबसे कम 21.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
- 25 से 26 जुलाई: आसमान में अमूमन बादल छाए रहेंगे. राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
- 27 से 28 जुलाई: इस दौरान बारिश का दायरा और बढ़ेगा. राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है.
- 29 से 31 जुलाई: राज्य के अनेक हिस्सों में मानसून की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी और बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर बना रहेगा.
वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी
- 26 जुलाई: राज्य के दक्षिणी, मध्य और निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी भागों (विशेषकर चतरा और लातेहार) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है.
- 27 जुलाई: राज्य के दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य भागों (रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा) में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.
- 28 जुलाई: दक्षिण-पश्चिमी, मध्य (रांची, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा) एवं निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी (चतरा, लातेहार) भागों में भारी बारिश का अनुमान है.
रांची और आसपास के इलाकों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बादल छाए रहने तथा दिन में दो या उससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की उम्मीद है. रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सिस के आसपास रहने का अनुमान है.
