Deoghar: श्रावणी मेले से पहले नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने देवघर पहुंचकर तैयारियों का जमीनी निरीक्षण किया. परिसदन पहुंचने पर उनका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. इसके बाद मंत्री ने पूरे मेला क्षेत्र का दौरा किया और व्यवस्था का हाल जाना.
मंत्री ने मेले का निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, मेयर रवि कुमार राउत और डिप्टी मेयर टीप चटर्जी भी मौजूद रहे. टीम ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और जलार्पण की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की.
मंत्री ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए. हर व्यवस्था समय पर पूरी हो और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम रहे.
मंत्री ने मंदिर पहुंच कर पूजा-अर्चना भी की
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी की और राज्य की सुख-समृद्धि तथा सफल श्रावणी मेले की कामना की.
Also Read: हजारीबाग में कांग्रेस संगठन का विस्तार, अरुण कुमार सिन्हा बने सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष
