गिरिडीह : चार भाइयों के संयुक्त मकान में लगी भीषण आग, पांच घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें

Giridih : खोरीमहुआ अनुमंडल के जमुआ प्रखंड अंतर्गत करिहारी पंचायत में शनिवार देर रात चार भाइयों के संयुक्त मकान में भीषण आग...

खोरीमहुआ अनुमंडल

Giridih : खोरीमहुआ अनुमंडल के जमुआ प्रखंड अंतर्गत करिहारी पंचायत में शनिवार देर रात चार भाइयों के संयुक्त मकान में भीषण आग लग गई. इस हादसे में अनाज, कपड़े, फर्नीचर सहित करीब चार लाख रुपये की संपत्ति जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई. राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य दूसरे घर में सो रहे थे. जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. जानकारी के अनुसार, मकान मालिक महावीर प्रसाद कुशवाहा अपने परिजनों के साथ पास के दूसरे घर में सो रहे थे. रात करीब 1ः30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर से धुआं और आग की लपटें उठने की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी.

अग्निशमन विभाग को दी गयी सूचना

घटना की जानकारी तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई. ग्रामीण भी आग बुझाने जुट गए. कुछ देर बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक घर में रखा चावल, गेहूं, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. बताया गया कि इस संयुक्त मकान में महावीर प्रसाद कुशवाहा, अवध किशोर प्रसाद, बसंत प्रसाद कुशवाहा और दुर्गा प्रसाद कुशवाहा अपने परिवारों के साथ रहते है. आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रशासन मामले की जांच में जुटी है.

जनप्रतिनिधि पहुंचे घटनास्थल

घटना की सूचना मिलने के बाद करिहारी पंचायत के मुखिया संजय यादव, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुरेश राम और जिला परिषद सदस्य विजय पांडेय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से शीघ्र राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

 

ALSO READ : हजारीबाग: पकरी बरवाडीह कोल परियोजना में फिर अपराधियों का हमला, हाईवा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, वाहन के शीशे तोड़े, मौके पर छोड़ा गया पर्चा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *