Bokaro: बाबा बैद्यनाथ जन सेवा समिति की ओर से चास के सोलागिडीह स्थित वृद्ध सेवा आश्रम में संस्थान के उपाध्यक्ष स्व. ज्ञानचंद शर्मा के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया. सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. वृद्ध सेवा आश्रम के अध्यक्ष अंजनी कुमार रूपक ने बताया कि शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं ईमानदारी तथा गुणवत्ता के बल पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले ज्ञानचंद शर्मा का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है.
सामाजिक कार्यों में निभाई सक्रिय भूमिका
उन्होंने कहा कि स्व. ज्ञानचंद शर्मा राजस्थानी ब्राह्मण सभा ट्रस्ट एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे. अपने सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वह सभी के बीच सम्मानित थे. उनका निधन बोकारो के व्यापारिक एवं सामाजिक जगत के लिए अत्यंत दुखद घटना है.
श्रद्धांजलि अर्पित कर दी अंतिम विदाई
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. सभा में आश्रम प्रभारी दिवाकर सिंह, सचिव दिलीप कुमार सिंह, माया राय, शशि शेखर, दीपाली, रेखा सहित आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजन उपस्थित थे.
