Bokaro : जैनामोड फोरलेन चौराहे पर रविवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे एक ट्रक के धक्के से बहादुरपुर कसमार चौक निवासी 65 वर्षीय चंडी चरण ठाकुर की मौत हो गई. मृतक बहादुरपुर कसमार मोड़ पर चाय-पकौड़े का दुकान चलाता था. घटना की सूचना पर मृतक के परिवार और आसपास के ग्रामीण जुटे. फोरलेन पर मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए. मौके पर पहुंची जरीडीह पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया. शव को थाना ले जाया गया.

ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत
बताया जाता है कि चंडी चरण ठाकुर अपने साढू के दामाद मनोज कुमार के साथ सुबह बहादुरपुर से रांची जाने के लिए बोकारो रेलवे स्टेशन रवाना हुए. पल्सर बाइक (जेएच 09 वाइ 5820) से बोकारो स्टेशन जाने के दौरान जैनामोड़ फोरलेन चौक पर पीछे से आ रही ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. इस टक्कर में चंडी चरण ठाकुर सड़क पर गिर पड़े. वहीं, वाहन चालक उनके पैर को रौंदते हुए भाग खड़ा हुआ. वहीं, दूसरे व्यक्ति को मामूली चोट लगी है. हो-हल्ला मचाने पर आसपास के लोग पीछा कर टोल टैक्स के पास वाहन को पकड़ा.
एकलौते कमाने वाले की सड़क हादसे में मौत
मुखिया पुष्पा देवी ने बताया कि मृतक अपने परिवार में एकलौता कमाने वाला था. किसी तरह छोटा होटल का संचालन कर परिवार का भरण-पोषण करता था, हम लोगों इस प्रयास में है कि वाहन मालिक परिजनों को उचित मुआवजा दे. जिससे परिवार को तत्काल आर्थिक राहत मिले. अधिवक्ता सह समाजसेवी श्रीवास अड्डी ने कहा कि मृतक चंडी चरण ठाकुर बहुत ही सरल स्वभाव के थे. यह घटना ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है. परिवार को उचित मुआवजा मिले और सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जाए. वहीं, मृतक के भाई मलय कुमार ठाकुर ने कहा कि अभी कुछ समय पहले उनके छोटे बेटे का हार्ट का ऑपरेशन हुआ है. इधर, आज भाई की मौत हो गई.

