Jamtara: जिले के फतेहपुर प्रखंड के मुरुडीह निवासी झारखंड आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उमानाथ कोल के आकस्मिक निधन पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है. सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उमानाथ कोल का निधन हो गया था, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है.
रवींद्रनाथ महतो उमानाथ कोल के पैतृक आवास पहुंचे
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो दिवंगत उमानाथ कोल के पैतृक आवास पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने उमानाथ कोल के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
झारखंड आंदोलन में ने निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि उमानाथ कोल का असमय निधन झारखंड आंदोलन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के संघर्षपूर्ण दौर में उमानाथ कोल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और समाज के हित में निरंतर कार्य किया. उनका संघर्ष, समर्पण और जनसेवा हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी.
स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी रहे मौजूद
शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे. सभी ने उमानाथ कोल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में निभाई गई भूमिका को याद किया.
