पलामू. नगर पालिका (आम) निर्वाचन के बाद सोमवार को विश्रामपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त समीरा एस ने विश्रामपुर नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीता देवी और 20 वार्डों के पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्रामपुर नगर परिषद के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रतिनिधि निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्थानीय नगर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही. इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह, सीओ राकेश तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

तारा देवी बनीं उपाध्यक्ष
अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई गई. उपाध्यक्ष पद के चुनाव में दो प्रत्याशियों ने भाग लिया, जिसमें तारा देवी को 12 मत और इलियास अंसारी को 8 मत प्राप्त हुए. इसके बाद निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने तारा देवी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा. वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष तारा देवी को अध्यक्ष गीता देवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. समारोह में सीओ राकेश तिवारी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

