चैंबर चुनाव में बढ़ी हलचल, डॉ. अभिषेक रामाधीन ने अध्यक्ष पद के लिए किया दावेदारी का ऐलान

Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज FJCCI के आगामी चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो गया है. चैंबर...

डॉ. अभिषेक कुमार रामाधीन

Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज FJCCI के आगामी चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो गया है. चैंबर के पूर्व महासचिव और वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अभिषेक कुमार रामाधीन ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है. उन्होंने चुनावी नारा सुरक्षित व्यापार, मजबूत उद्योग, विकसित झारखंड, नई दिशा नई दशा देते हुए व्यापारियों और उद्योग जगत के लिए कई अहम वादे किए है. डॉ. रामाधीन ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना होगा. उन्होंने कहा कि रंगदारी, चोरी, साइबर अपराध और व्यापारियों के खिलाफ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा. चैंबर केवल ज्ञापन देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा.

चैंबर में प्रभावी सहायता तंत्र बनाया जायेगा

उन्होंने कहा कि जीएसटी, बिजली, श्रम, नगर निकाय, प्रदूषण और उद्योग विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चैंबर में एक प्रभावी सहायता तंत्र बनाया जाएगा. जिससे व्यापारियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें. डॉ. रामाधीन ने झारखंड में बेहतर बिजली, सड़क, परिवहन और औद्योगिक आधारभूत संरचना को भी प्राथमिकता देने की बात कही. उनका कहना है कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से ही राज्य में उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा.

ऑरेंज और ब्लू इकोनॉमी पर ध्यान दिया जायेगा

उन्होंने कहा कि झारखंड को नई अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ऑरेंज इकोनॉमी (पर्यटन, हस्तशिल्प, लोककला, संस्कृति और रचनात्मक उद्योग) और ब्लू इकोनॉमी (मत्स्य पालन, जल पर्यटन और जल आधारित उद्योग) पर विशेष काम किया जाएगा. साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI, स्टार्टअप, मेडिकल टूरिज्म, डिजिटल सेवाएं, स्किल डेवलपमेंट और डैड आधुनिकीकरण को भी बढ़ावा देने का संकल्प लिया.

सभी की समस्याओं को मिलेगी प्राथमिकता

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को राज्य में ही रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निवेश आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा. डॉ. रामाधीन ने कहा कि चैंबर को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, तकनीक आधारित और सदस्य-केंद्रित संगठन बनाया जाएगा. जहां छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्योगपति तक सभी की समस्याओं को समान प्राथमिकता मिलेगी.

चैंबर को नयी ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते है

उन्होंने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व महासचिव और लगातार पांच बार कार्यकारिणी सदस्य रहने के कारण उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव है. इसी अनुभव के आधार पर वे चैंबर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते है. उन्होंने कहा कि उनके पिता एवं फेडरेशन चैंबर के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय आर.डी. सिंह ने सेवा और संगठन की जो परंपरा स्थापित की थी, उसे आधुनिक सोच और नई तकनीक के साथ आगे बढ़ाना उनका संकल्प है.

 

ALSO READ : पब्लिक एग्जामिनेशन सिस्टम में सुधार के लिये टास्क फोर्स का गठन, नंदन नीलकेणी को मिली जिम्मेदारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *