Giridih: पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो स्थित स्मिता चाइल्ड केयर एंड वैक्सीनेशन सेंटर में इलाज के दौरान 25 दिन के एक नवजात की मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ. मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इलाज के दौरान हुई नवजात की मौत
जानकारी के अनुसार, पुरनानगर पंचायत के पिपराटांड निवासी लालजी हेम्बरम के 25 दिन के पुत्र को रविवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के लिए स्मिता चाइल्ड केयर एंड वैक्सीनेशन सेंटर में भर्ती कराया गया था. बताया गया कि बच्चे का जन्म 25 दिन पहले घर पर हुआ था. इलाज के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और शाम करीब 4 बजे के बाद उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण मासूम की जान चली गई. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विपल्लव शास्त्री ने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है. उनका कहना है कि बच्चे को मिर्गी (दौरे) की समस्या थी और उसी कारण उसकी मौत हुई. उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया गया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप निराधार है. मिलने पर होगी जांचफिलहाल मामले को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच विवाद बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि यदि परिजन लिखित शिकायत दर्ज कराते हैं तो मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
