Ranchi: राजधानी रांची स्थित नेपाल हाउस के बाहर सोमवार को झारखंड MPW कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नेपाल हाउस का घेराव करने पहुंचे. कर्मचारियों का मुख्य विरोध JSSC द्वारा जारी बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (पुरुष) और क्षेत्रीय कार्यकर्ता भर्ती विज्ञापन को लेकर है. उनका कहना है कि राज्य में पहले से वर्षों से संविदा पर कार्य कर रहे MPW कर्मियों की अनदेखी कर नई भर्ती निकाली गई है, जो उनके साथ अन्याय है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में ‘वन हेल्थ मिशन’ लागू, इंसानों और पशुओं में फैलने वाली बीमारियों पर रहेगी संयुक्त निगरानी
MPW कर्मियों को नियमितीकरण करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मांग की कि राज्य के 1,554 संविदा MPW कर्मियों का पहले स्थायी समायोजन और नियमितीकरण किया जाए. उनका कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया.संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मांग को लेकर कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपा गया और संबंधित अधिकारियों से बातचीत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया. इसी वजह से राज्यभर के MPW स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
