Ranchi: धनबाद पुलिस ने अड्डेबाजी करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है. इस अभियान में धनबाद पुलिस ने 38 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से SSP प्रभात कुमार के दिशा-निर्देश पर अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व संबंधित थाना प्रभारियों ने किया, जबकि इसकी निगरानी सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों/ DSP द्वारा की गई.
संवेदनशील क्षेत्रों में की गई जांच एवं छापेमारी
विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास, मैदानों, पार्कों, विद्यालय परिसरों, सुनसान स्थानों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच एवं छापेमारी की. ऐसे स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया था, जहां अक्सर युवकों एवं असामाजिक तत्वों द्वारा अड्डेबाजी किए जाने की शिकायतें प्राप्त होती रही हैं.
अड्डाबाजी कर रहे लोगों को दी गई कड़ी चेतावनी
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर बिना किसी वैध कारण के समूह बनाकर बैठे लोगों का सत्यापन किया गया तथा अड्डाबाजी कर रहे लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाकर लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करना अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल होना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
आम नागरिकों की सुरक्षा धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
SSP प्रभात कुमार ने कहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश तथा आम नागरिकों की सुरक्षा धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से अड्डाबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन, अवैध गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अन्य कृत्यों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार से नियमित एवं सघन अभियान चलाए जाते रहेंगे. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की, कि यदि कहीं अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधि अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध हरकत दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को डायल 112 पर दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
