West Singhbhum: जिले के बंदगांव प्रखंड के किता गांव निवासी प्रवासी मजदूर दुर्गा भोगता की केरल काम पर जाने के दौरान ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. बताया गया कि एर्नाकुलम के पास रविवार तड़के यह हादसा हुआ. शव फिलहाल केरल के कलमाश्री पुलिस स्टेशन में रखा गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है.
रोजगार की तलाश में निकले थे
दुर्गा भोगता शनिवार शाम गांव से अन्य मजदूरों के साथ रोजगार की तलाश में केरल के लिए रवाना हुए थे. यात्रा के दौरान चलती ट्रेन से गिरने के कारण उनकी जान चली गई.
परिवार के पास शव लाने के लिए नहीं हैं पैसे
मृतक के चचेरे भाई लुदु भोगता ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है. ग्रामीण चंदा जुटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक शव को गांव लाने के लिए पर्याप्त राशि नहीं जुट पाई है.
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दुर्गा भोगता अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, अगले वर्ष उनकी बहन की शादी तय थी, जिसके लिए वह कमाने के उद्देश्य से केरल जा रहे थे.
ALSO READ: हजारीबाग: झारखंड हाईकोर्ट के स्टे आदेश की अनदेखी का आरोप, पंच मंदिर विवाद फिर गरमाया
सरकार से सहायता की मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन से शव को पैतृक गांव तक पहुंचाने के लिए तत्काल आर्थिक और प्रशासनिक सहायता देने की मांग की है, ताकि उनका अंतिम संस्कार गांव की मिट्टी में हो सके.
