रांची: विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के 15वें दिन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस तरह विधायकों को आवास के लिए मिलने वाली आदिवासी जमीन सभी ने छोड़ दी, उसी तरह रिम्स टू के लिए नगड़ी में चिन्हित की गई जमीन और जसीडीह के मनीपुर की जमीन भी खतियानी है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों की जमीन पर रिम्स टू नहीं बनाया जाएगा, इसकी स्पष्ट घोषणा होनी चाहिए. साथ ही कहा कि खतियानी जमीन पर किसी तरह का कब्जा नहीं होना चाहिए.

Also Read: सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 के चयन ट्रायल के लिए झारखंड के 3 पहलवान रवाना
प्रदीप यादव ने कसा तंज
विधायक प्रदीप यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी का आदिवासियों के प्रति दर्द अब छलक रहा है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों के विरोध को कम करने के लिए इस तरह की बातें की जा रही हैं.
सदन में तीखी नोकझोंक
इस पर बाबूलाल मरांडी ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदीप जी आप जितनी आवाज उठा लें, राहुल गांधी कृपा करेंगे तो अगली बार आपको मंत्री बना देंगे. इस पर प्रदीप यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री बनने का शौक आपका है. कुछ बातें पर्दे में रहने दीजिए, पर्दा उठ जाएगा तो भेद खुल जाएगा.

