Ranchi: भाजपा ने गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र में हुई विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (SIR 2026) की समीक्षा बैठक को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है. पार्टी ने आरोप लगाया है कि इस बैठक में जनप्रतिनिधि की मौजूदगी निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है.
स्थानीय विधायक एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने बताया, कि 26 जुलाई को महागामा के मेहरमा प्रखंड कार्यालय में स्थानीय विधायक एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की मौजूदगी में SIR की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की गई हैं.
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ SIR की समीक्षा करना उचित नहीं
राकेश प्रसाद का कहना है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्ष प्रक्रिया है. ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा करना उचित नहीं है. इससे अधिकारियों पर दबाव या प्रभाव पड़ने की आशंका बन सकती है.
पूरे मामले की जांच कराने की मांग
भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने और यदि निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में लगी विधिक जागरूकता प्रदर्शनी, लोगों को दी गई मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी
