Ranchi: सावन के पवित्र महीने में आयोजित होने वाले देश के प्रमुख कांवर मेलों पर संभावित आतंकवादी खतरे के खुफिया इनपुट मिलने के बाद पूरे झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है. विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथधाम में शुरू हो रहे राजकीय श्रावणी मेले सहित राज्य के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस और प्रशासन को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है. पुलिस मुख्यालय से मिली
गोपनीय इनपुट के आधार पर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी रेल पुलिस और खुफिया इकाइयों को विशेष सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश जारी किए हैं.
सुरक्षा निर्देश ‘मैटर मोस्ट अर्जेंट’ श्रेणी में जारी:
विशेष शाखा द्वारा जारी इस गाइडलाइन को मैटर मोस्ट अर्जेंट श्रेणी में रखा गया है. विशेष शाखा ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों, रेल पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि: संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी बढ़ाई जाए, फील्ड इंटेलिजेंस’ को और मजबूत किया जाए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना समय गंवाए तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए.
अल-कायदा, लश्कर और खालिस्तानी नेटवर्क पर नजर:
खुफिया रिपोर्ट में विभिन्न आतंकवादी और कट्टरपंथी संगठनों की ऑनलाइन गतिविधियों तथा हाल ही में जारी धमकी भरे संदेशों का विशेष उल्लेख किया गया है. सुरक्षा एजेंसियों को मुख्य रूप से कई संगठनों के संदिग्ध नेटवर्क पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. जिनमें अल-कायदा से जुड़े नेटवर्क, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, खालिस्तान समर्थक संगठन शामिल है. इसके साथ ही, सोशल मीडिया, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और इंटरनेट पर प्रसारित होने वाले संदिग्ध प्रचार और भड़काऊ संदेशों की 24 घंटे डिजिटल निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.
ALSO READ: पाकुड़: RJ स्टेडियम में बनेगा चेंजिंग रूम, पुराने शौचालय का होगा जीर्णोद्धार
