Ranchi: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR 2026) के तहत मतदाताओं के लिए 29 जुलाई इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख रखी गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है, कि जो मतदाता तय समय तक भरा हुआ फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकेगा.
2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा
राज्य में वर्ष 2026 की मतदाता सूची के अनुसार कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं. इनमें से 99.99% यानी 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं. निर्वाचन विभाग के अनुसार, अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जो कुल फॉर्म का 99.67% है. इनमें 2,20,20,994 मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे. विभाग ने बताया कि 31 विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म का डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है. वहीं बाकी 50 विधानसभा क्षेत्रों में भी यह काम 97 से 99 प्रतिशत तक पूरा हो गया है.
43,55,463 फॉर्म नहीं मिले वापस
निर्वाचन विभाग के अनुसार, अब तक 43,55,463 फॉर्म वापस नहीं मिले हैं. इनमें 7,61,755 मृत मतदाता, 14,59,029 ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं चल सका, 15,87,496 स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाता, 4,34,541 ऐसे मतदाता जिनका नाम पहले से दूसरी जगह दर्ज है और 1,12,642 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिन्होंने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया है.
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है, कि यदि उन्होंने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, तो 29 जुलाई तक हर हाल में जमा कर दें, ताकि उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सके.
यह भी पढ़ें: श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम तैयार, सफाई से लेकर पेयजल तक विशेष इंतजाम
