Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में हुई भर्ती कथित अनियमितताओं के मामले में आपराधिक अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की कार्रवाई तेज हो गई है. आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से सीआईडी की टीम लगातार गहन पूछताछ कर रही है. उनसे आठ घंटे से भी अधिक समय से पूछताछ की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसी ने एल. ख्यांगते का पासपोर्ट जब्त कर लिया है, ताकि वे बिना अनुमति देश से बाहर न जा सकें.
विदेश यात्राएं आईं CID के रडार पर:
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि जेपीएससी के अध्यक्ष पद पर तैनात रहने के दौरान एल. ख्यांगते ने कई बार विदेश यात्राएं की थीं. सीआईडी अब उनके इन सभी विदेश दौरों के वित्तीय ब्योरे और समय-सारणी को खंगाल रही है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, इन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और इनके लिए फंड कहां से आए थे? क्या इन विदेश यात्राओं का संबंध भर्ती प्रक्रिया में हुए संदिग्ध लेन-देन या वित्तीय गड़बड़ियों से तो नहीं है?
पूछताछ का मुख्य केंद्र:
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी अधिकारी उनसे जेपीएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुए कथित घोटालों, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में धांधली और मेरिट लिस्ट में हेरफेर से जुड़े कड़े सवाल पूछ रहे हैं. कई अन्य अधिकारियों और बिचौलियों के बयानों का मिलान भी पूर्व अध्यक्ष के जवाबों से किया जा रहा है.
जाने अब आगे क्या होगा:
सीआईडी की इस सख्त कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और कागजातों की जांच पूरी होने के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल एजेंसी उनसे पूछताछ जारी रखे हुए है.
