Giridih: राज्य स्तरीय 2nd Little Champs Football Tournament 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गिरिडीह जिले के खिलाड़ियों ने पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. इस उपलब्धि पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय में विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
प्रतिभा से बनती है जिले की पहचान
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि किसी जिले की पहचान केवल विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां के युवाओं और बच्चों की प्रतिभा से भी होती है. उन्होंने कहा कि गिरिडीह में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उचित मार्गदर्शन व बेहतर प्रशिक्षण मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देता रहेगा.
रांची में आयोजित हुई थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
23 से 25 जुलाई 2026 तक रांची में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के सभी 24 जिलों की अंडर-12 बालक और बालिका टीमों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में संत जॉन ब्रिटो मध्य विद्यालय, महेशमुंडा (गांडेय) की बालक टीम ने फाइनल मुकाबले में निस्फीडा मध्य विद्यालय, बगोदर को 1-0 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. वहीं निस्फीडा मध्य विद्यालय, बगोदर की बालिका टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया.
खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बालक वर्ग के संजय हेंब्रम को प्लेयर ऑफ द मैच और नीतीश मरांडी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. वहीं बालिका वर्ग में अनु कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच के सम्मान से नवाजा गया.
खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: कोडरमा: कथित धर्म परिवर्तन से जुड़ी प्रार्थना सभा मामले मे दर्जनों लोगो को पुलिस ने लिया हिरासत में
