Gumla: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 अभियान के तहत गुमला जिले ने निर्धारित समय से पहले महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों 67-सिसई, 68-गुमला और 69-बिशुनपुर में गणना प्रपत्रों की पूरी प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गई है.
जिले के 995 मतदान केंद्रों में पूरा हुआ कार्य
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों में वितरित कुल 8,07,572 गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इनमें 7,00,800 गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण किया गया, जबकि 1,06,818 प्रपत्रों का सत्यापन कर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार असंग्रहीत (Verified Uncollectable) श्रेणी में शामिल किया गया.
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत निष्पादन
विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में 67-सिसई विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,67,358 गणना प्रपत्रों में से 2,35,824 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया, जबकि 31,537 प्रपत्रों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी की गई.वहीं 68-गुमला विधानसभा क्षेत्र में 2,52,221 गणना प्रपत्रों में से 2,14,887 प्रपत्र डिजिटाइज किए गए और 37,335 प्रपत्रों का सत्यापन किया गया. इसी तरह 69-बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,87,993 गणना प्रपत्रों में से 2,50,089 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण तथा 37,946 प्रपत्रों का सत्यापन कर 100 प्रतिशत कार्य पूरा किया गया.
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, बीएलए और अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी.उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, जिसके कारण निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल किया जा सका.

5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
उपायुक्त ने बताया कि SIR-2026 के अगले चरण के तहत 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 3 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा.सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
आगामी चरणों के लिए दिए आवश्यक निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से समय पर पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है.
ALSO READ: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बड़ा कमाल, ICC टी20 रैंकिंग के टॉप-50 बल्लेबाजों में बनाई जगह
