Palamu: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पलामू पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने सतबरवा और पांकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा और अफीम बरामद की है. मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 22.50 लाख रुपये आंकी गई है.
सतबरवा में 33 किलो से अधिक गांजा बरामद
पुलिस अधीक्षक(SP) कपिल चौधरी ने बताया कि सतबरवा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा 33.789 किलोग्राम गांजा जब्त किया. 45 पैकेटों में बंद इस गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने 21,500 रुपये नकद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया,आरोपी कार के बोनट और डिक्की में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे.
पांकी में 2.5 किलो अफीम के साथ दो गिरफ्तार
वहीं पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 2 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया. बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.50 लाख रुपये बताई जा रही है. जांच में पता चला कि अफीम चतरा से लाकर अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी.

नशा कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
SP कपिल चौधरी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा.
