Saraikela: जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर सरायकेला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
एसपी ने किया खुलासा
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बाइक चोरी के एक मामले के अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था.तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के 3 सदस्यों को धर-दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा, करण बास्के और कृष्णानाथ उर्फ दुख के रूप में हुई है.
पूछताछ में कई चोरी कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने जिले में हुई कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 नंबर प्लेट लगी और 4 बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं. एसपी ने बताया कि यह गिरोह सरायकेला-खरसावां जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी सक्रिय था. मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. एसपी ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार और थाने के अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
