बोकारो: ब्लड कैंसर से पीड़ित तीन वर्षीय बच्ची की मां की सड़क दुर्घटना में मौत, नर्सिंग कर करा रही थी बेटी का इलाज

Bokaro: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के सलगाडीह मोड़ के समीप NH-23 पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय...

सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

Bokaro: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के सलगाडीह मोड़ के समीप NH-23 पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय नर्सिंगकर्मी मंजू कुमारी की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जा रहा है कि उतासारा पंचायत के सलगाडीह गांव निवासी प्रेमचंद मुंडा की पुत्री मंजू कुमारी पेटरवार के केवट मोहल्ला स्थित ओम साई हॉस्पिटल में ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने चाचा के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में मंजू कुमारी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जबकि उनके चाचा को मामूली चोट लगी. परिजन गंभीर रूप से घायल मंजू को बेहतर इलाज के लिए बोकारो ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. मृतका का ससुराल कसमार थाना क्षेत्र के सुइयाडीह में है. उनके पति कृष्णा मोदी हैदराबाद में रहकर दैनिक मजदूरी का कार्य करते हैं.

तीन वर्षीय बेटी ब्लड कैंसर से है पीड़ित

बताया जा रहा है कि मंजू कुमारी अपने मायके में रहकर नर्सिंग का कार्य करते हुए ब्लड कैंसर से पीड़ित अपनी तीन वर्षीय बच्ची का इलाज करा रही थीं. इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इधर, घटना की सूचना गुरुवार को पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा को दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया.

ALSO READ: खूंटी: बाबा आम्रेश्वर धाम में शुरू हुआ श्रावणी मेला, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया उद्घाटन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *