News Wave Desk : मानसून का मौसम गर्मी से राहत लेकर आता है, लेकिन बढ़ी हुई नमी, पसीना और गंदगी के कारण त्वचा और बालों से जुड़ी कई समस्याएं भी सामने आने लगती हैं. इस मौसम में फंगल इंफेक्शन, मुंहासे, स्कैल्प में खुजली, डैंड्रफ और बाल झड़ने जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं. ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि सही स्किन और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर बालों से जुड़ी इन समस्याओं से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है.
मानसून में त्वचा और बालों की देखभाल क्यों है जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून में त्वचा को साफ रखना सबसे जरूरी है. दिन में दो बार हल्के फेसवॉश से चेहरा साफ करें, ताकि धूल, पसीना और अतिरिक्त तेल हट सके. त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए हल्के और ऑयल-फ्री मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें. साथ ही, बादलों के बावजूद सनस्क्रीन लगाना न भूलें, क्योंकि अल्ट्रावायलेट (UV) किरणें इस मौसम में भी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं.

बालों की देखभाल भी मानसून में बेहद जरूरी होती है. यदि बारिश में बाल भीग जाएं, तो घर पहुंचकर उन्हें साफ पानी से धो लें और अच्छी तरह सुखाएं. सप्ताह में दो से तीन बार शैंपू का इस्तेमाल करें और जरूरत के अनुसार कंडीशनर लगाएं. गीले बालों में कंघी करने से बचें, क्योंकि इससे बाल कमजोर होकर टूट सकते हैं. लंबे समय तक बालों को गीला रखने से स्कैल्प में संक्रमण और डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है.
बालों का झड़ना जैसी समस्याएं
स्वस्थ त्वचा और मजबूत बालों के लिए खानपान का भी विशेष महत्व है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, ताजे फल, हरी सब्जियां और प्रोटीन से भरपूर आहार लें. इसके अलावा, साफ तौलिया और कंघी का ही उपयोग करें और इन्हें किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा करने से बचें. यदि त्वचा पर लगातार खुजली, लाल चकत्ते, फंगल संक्रमण या बालों का अत्यधिक झड़ना जैसी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें, तो बिना देरी किए त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए.


मानसून में थोड़ी-सी सावधानी
मानसून में थोड़ी-सी सावधानी और नियमित देखभाल अपनाकर त्वचा और बालों को स्वस्थ, स्वच्छ और चमकदार बनाए रखा जा सकता है. सही स्किन और हेयर केयर रूटीन न केवल संक्रमण और अन्य समस्याओं के खतरे को कम करता है, बल्कि इस सुहाने मौसम का आनंद भी बिना किसी परेशानी के लेने में मदद करता है.
