Lohardaga: अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर छिनतई के प्रयास के बाद पतराटोली स्थित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. बताया गया कि अपराधियों ने पहले खत्री ज्वेलर्स में लूट की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर वे पतराटोली पहुंचे और प्रिया स्टोर संचालक शुभम साहू को गोली मार दी. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
पूर्व सांसद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
परिवार के प्रति जताई संवेदना
धीरज प्रसाद साहू ने मृतक शुभम साहू के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को कानून के शिकंजे में लाने की अपील की.

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, अब लोगों की नजर पुलिस कार्रवाई और हत्याकांड के खुलासे पर टिकी है.
