–44.64 लाख रुपये के मोबाइल-लैपटॉप चोरी मामले में पुलिस की बड़ी सफलता
–चोरी में प्रयुक्त बाइक व अहम साक्ष्य बरामद
Chakradharpur: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चोरी किए गए सामान की सूची तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
44.64 लाख रुपये की चोरी का हुआ खुलासा
इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चक्रधरपुर थाना में DSP डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि दुकान संचालक आशीष पाड़िया ने 25 जुलाई को चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या-84/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. आवेदन में बताया गया था कि 23-24 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान से लगभग 44,64,246 रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप तथा अन्य सामान चोरी कर लिया.
पुलिस जांच में सामने आया कि चोर दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर दाखिल हुए थे. अपराधियों ने दुकान में लगे CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त कर DVR भी निकाल लिया, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें. इसके बाद उन्होंने दुकान के शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए. घटनास्थल से पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे का सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच जैसे औजार भी बरामद किए.
विशेष टीम ने चार आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) तथा असराउल अली (33) के रूप में हुई है. सभी आरोपी साहेबगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की मॉडलवार एवं कीमत अंकित सूची, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद सूची से चोरी किए गए सामान की पहचान और बरामदगी में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.

इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रशिक्षु पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस अधिकारियों एवं चक्रधरपुर थाना की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.
ALSO READ: कोडरमा: BDO की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
