Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) की समीक्षा बैठक कर जिले में सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का कोई भी घर पेयजल सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए गांववार और घरवार गैप एनालिसिस कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया.
पेयजल से वंचित क्षेत्रों की होगी पहचान
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन गांवों और बस्तियों में अब तक पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी पहचान कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने खराब और बंद पड़े हैंडपंपों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत और पुनर्स्थापना का निर्देश दिया, ताकि लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके.
हर घर जल योजना की होगी समीक्षा
बैठक में हर घर जल योजना के तहत गांववार और घरवार गैप एनालिसिस कराने पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि रिपोर्ट में यह स्पष्ट होना चाहिए कि किन क्षेत्रों और परिवारों तक अभी तक पेयजल सुविधा नहीं पहुंच पाई है. संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया.
एआई और सेंसर तकनीक से होगा जल संकट का आकलन
उपायुक्त ने पेयजल व्यवस्था में एआई और सेंसर आधारित तकनीक के उपयोग पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक की मदद से जल स्रोतों, जल उपलब्धता और जल संकट वाले क्षेत्रों की वैज्ञानिक पहचान की जाएगी. इससे योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन संभव होगा.
डीएमएफटी से तैयार होंगी प्राथमिकता वाली योजनाएं
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से पेयजल से वंचित क्षेत्रों के लिए जरूरी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए. प्रस्ताव में समस्या का विवरण, प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी और एआई आधारित समाधान की कार्ययोजना शामिल करने को कहा गया.

समय सीमा में कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंताओं को गांववार और घरवार गैप एनालिसिस, खराब हैंडपंपों की सूची, मरम्मत कार्ययोजना और एआई आधारित विश्लेषण रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हर घर जल योजना को शत-प्रतिशत सफल बनाना है, ताकि बोकारो जिले के प्रत्येक घर तक सुरक्षित, स्वच्छ और नियमित पेयजल सुविधा पहुंचाई जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी चास राम प्रवेश राम, कार्यपालक अभियंता तेनुघाट चंदन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
ALSO READ: एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने संभाला उप वायु सेना प्रमुख का पदभार, 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव
