Jamtara: उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में अंचल निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राजस्व संग्रहण एवं भूमि से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई. अपर समाहर्ता ने लंबित म्यूटेशन एवं स्वतः संज्ञान (सुओ-मोटो) म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने उत्तराधिकार एवं बंटवारा से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा भू-लगान वसूली में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र जारी करने से पहले अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया. साथ ही जाति, स्थानीय निवासी, आय एवं ओबीसी प्रमाण पत्रों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

यह भी पढ़ें: एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने संभाला उप वायु सेना प्रमुख का पदभार, 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव
अपर समाहर्ता ने अस्वीकृत मामलों के कारणों की भी समीक्षा की
बैठक में भूमि हस्तांतरण के मामलों में नियमानुसार विवादरहित सरकारी भूमि को चिन्हित कर आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्ताव तैयार करने तथा प्राकृतिक एवं स्थानीय आपदा से प्रभावित लोगों को आपदा राहत के तहत अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने के लिए जरूरी दस्तावेज तत्काल तैयार करने का निर्देश दिया गया. अपर समाहर्ता ने अस्वीकृत मामलों के कारणों की भी समीक्षा की और सभी अंचल निरीक्षकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन करने तथा संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक में संबंधित अंचल निरीक्षक एवं कार्यालय कर्मी मौजूद रहे.
