Bokaro: चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चास प्रखंड स्थित कोलबेंदी उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण कार्य का शनिवार को झारखंड सरकार की 15वें वित्त आयोग मद से विधिवत शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीणों एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा. इसके निर्माण के बाद माताओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित सभी ग्रामीणों को अपने गांव के निकट ही बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. इससे इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी.
उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा. हमारी प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों. स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है. उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा संकल्प और जनहित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

स्थानीय लोगों ने जताई खुशी
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के बनने से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को समय पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
ALSO READ: कोडरमा घाटी में ब्रेक फेल होने से चावल लदा ट्रक पलटा, चालक-उपचालक बाल-बाल बचे
