Ranchi: सावन की पहली सोमवारी कल है. इसको लेकर रांची पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. रविवार की रात से एक कंपनी रैपिड एक्शन पुलिस (RAP) और 15 जवान हर शिवालयों के बाहर रहेंगे तैनात. कल यानि सोमवार को राजधानी के तमाम शिवालयों में हजारों की संख्या श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. इसे देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यापक तैयारियां की गई हैं. प्रशासन का मुख्य फोकस ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर और कांवड़ पथ पर है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीसीटीवी से होगी निगरानी
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची के हर छोटे-बड़े शिव मंदिर में 5 से 6 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है. वहीं पहाड़ी मंदिर में करीब पचास की संख्या में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. इसके अलावा संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहेंगे. शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए से हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाएगी. कंट्रोल रूम में लाइव मॉनिटरिंग के लिए अलग से पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
Read Also: 80 की उम्र में हौसला जवान! देवकी महतो रोज 10 KM साइकिल चलाकर खेत-खलिहान भी संभालते हैं, बोले- सादगी और मेहनत ने रखा फिट

भीड़ नियंत्रण और भगदड़ रोकने पर विशेष ध्यान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सावन की पहली सोमवारी होने के कारण इस बार आम दिनों की तुलना में कहीं अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने पर भगदड़ जैसी अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से ही जलार्पण करने की अनुमति होगी. पहाड़ी मंदिर के मुख्य रास्तों और सीढ़ियों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है जो भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे. पूरे सुरक्षा की मोंटीरिनग एसएसपी राकेश रंजन करेंगे.
